वाराणसी (अमित मुखर्जी). महाराष्ट्र के रहने वाले बाइक राइडर अख्तर 7 राज्यों की 9786 किमी लंबी सौहार्द यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने इस यात्रा के रूट को कुछ ऐसे चुना है, जिसकी आकृति 'ऊँ' बनाती है। उनका यह सफर 11 अक्टूबर को महाराष्ट्र से शुरू हुआ है और 30 दिन बाद मध्यप्रदेश के मैहर में समाप्त होगा।
अख्तर के मुताबिक, "मेरी इस यात्रा का मकसद देश में सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देना है। मैं इस दौरान महाराष्ट्र, गुजरात, मप्र, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश का यात्रा करूंगा।" इससे पहले भी 2017 में उन्होंने 8786 किमी का सफर तय कर मुस्लिम धर्म से जुड़े सिंबल '786' को भारत के नक्शे पर बनाया था। अख्तर की बाइक का नंबर भी 786 है।
'मुझे बाइक राइडिंग का जुनून'
47 साल के अख्तर मुंबई के उपनगर मलाड में सीसीटीवी का बिजनेस करते हैं और हाईस्कूल पास हैं। वह बताते हैं, 'मुझे बचपन से ही बाइक राइडिंग को जुनून है। 26 साल पहले 1993 से फुल बाइक राइडिंग करने लगा।" परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं।
'रात में राइडिंग नहीं, फंडिंग खुद करता हूं'
अख्तर एक दिन में करीब 12 घंटे बाइक चलाते हैं। औसतन 400 से 500 किमी दूरी तय करते हैं। रोड सेफ्टी का पूरा ध्यान रखते हैं। इसलिए, रात को बाइक नहीं चलाते हैं। अख्तर कहते हैं कि रास्ते में सभी धर्म के लोग मिलते हैं, खूब पसंद करते हैं। सबसे प्यार मिलता है, लेकिन इसके लिए मैं किसी से पैसा नहीं लेता हूं। उन्होंने बताया कि मेरी अगली यात्रा ईसाई धर्म से जुड़े धार्मिक चिह्न 'क्रास' से प्रेरित होगी। रूट भी कुछ ऐसा ही होगा। इसके लिए 11 राज्यों में 5786 किमी की यात्रा करनी होगी।